नई दिल्ली: आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस की नजर छठी बार खिताब जीतने पर है। पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच पाई थी। लेकिन इस बार, मेगा ऑक्शन में कुछ नए खिलाड़ियों को शामिल कर और पुराने खिलाड़ियों के अनुभव के दम पर मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम को और मजबूत किया है। फैंस को उम्मीद है कि इस सीजन में मुंबई इंडियंस धमाकेदार वापसी करेगी।

1. ट्रेंट बोल्ट: न्यूजीलैंड के स्टार गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट एक बार फिर से मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आएंगे। मेगा ऑक्शन 2025 में मुंबई इंडियंस ने बोल्ट को 12.50 करोड़ रुपये में खरीदा। साउथ अफ्रीका टी20 लीग में भी बोल्ट ने एमआई कैपटाउन टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में उन्होंने 3 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट चटकाए। उनकी तेज गेंदबाजी और शुरुआती विकेट लेने की क्षमता टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगी।

2. रयान रिकेल्टन: साउथ अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज रयान रिकेल्टन को मुंबई इंडियंस ने इस सीजन 1 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। टेस्ट क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले रयान ने पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में अपने बल्ले से धमाल मचाया। इस सीरीज में उन्होंने करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी मुंबई इंडियंस के मिडल ऑर्डर को मजबूती दे सकती है।

3. तिलक वर्मा: तिलक वर्मा को मुंबई इंडियंस ने मेगा ऑक्शन से पहले 8 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। तिलक का प्रदर्शन पिछले कुछ समय में शानदार रहा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने 47 गेंदों पर 120 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उनका स्ट्राइक रेट और शॉट सिलेक्शन उन्हें टीम के लिए एक अनमोल खिलाड़ी बनाता है।

4. जसप्रीत बुमराह: जसप्रीत बुमराह, जो लंबे समय से मुंबई इंडियंस की रीढ़ हैं, इस बार भी टीम की उम्मीदों का केंद्र हैं। हाल ही में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में उन्होंने 32 विकेट लेकर अपनी क्लास दिखाई। बुमराह की यॉर्कर और डेथ ओवर में गेंदबाजी करने की क्षमता किसी भी टीम के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।