नई दिल्ली: क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज मार्टिन गप्टिल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। गप्टिल ने अपनी टीम के लिए खेल के तीनों फोर्मेटो में अपना बेहतरीन योगदान दिया है। साल 2009 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से अपने करियर की शुरुआत करने वाले गप्टिल ने क्रिकेट फैंस को कई यादगार पल दिए। न्यूजीलैंड के वनडे इतिहास में वे तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की हार के बादशाह मार्टिन गप्टिल ही रहे। ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर जब न्यूजीलैंड ने 239 रनों का लक्ष्य दिया, तो धोनी और जडेजा की शानदार साझेदारी के बाद भारत जीत के करीब था। लेकिन गप्टिल के एक सटीक थ्रो ने धोनी को रन आउट कर भारत की उम्मीदों को खत्म कर दिया। यह थ्रो क्रिकेट इतिहास के सबसे यादगार लम्हों में से एक बन गया।
मार्टिन गप्टिल का क्रिकेट करियर शानदार आंकड़ों और रिकॉर्ड्स से भरा रहा है। उन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 367 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 402 पारियों में 13,463 रन बनाए। उनके बल्ले से 23 शतक और 76 अर्धशतक निकले। वनडे में उनका प्रदर्शन खास रहा, जहां उन्होंने 7346 रन बनाए।
गप्टिल के रिकॉर्ड्स पर एक नजर
वनडे: 195 मैच, 7346 रन, 41.50 की औसत, 18 शतक, 1 दोहरा शतक
टेस्ट: 47 मैच, 2586 रन, 29.39 की औसत, 3 शतक
टी20: 122 मैच, 3531 रन, 31.81 की औसत, 2 शतक
गप्टिल का वनडे क्रिकेट में 237 रनों का स्कोर आज भी दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर के रूप में दर्ज है। यह पारी उन्होंने 2015 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली थी।
गप्टिल ने अपने करियर में कई अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाने में मदद की। उनके स्ट्रोक्स की टाइमिंग और क्लासिक बल्लेबाजी ने उन्हें क्रिकेट फैंस के दिलों में खास जगह दी। खासकर 2015 और 2019 वर्ल्ड कप में उनका प्रदर्शन शानदार रहा।