नई दिल्ली: नागालैंड के खिलाफ खेले गए विजय हज़ारे ट्रॉफी के मुकाबले में मुंबई के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया। आयुष ने 17 साल और 168 दिन की उम्र में लिस्ट ए क्रिकेट में एक पारी में 150 रन बनाने का कारनामा किया। इस बेहतरीन पारी में उन्होंने 117 गेंदों पर 181 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
आयुष ने अपनी पारी में तेजी से बल्लेबाजी करते हुए 20 चौके और 6 छक्के जड़े। उन्होंने मुंबई के लिए अंगकृष रघुवंशी के साथ ओपनिंग की और विपक्षी गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया। इस अद्भुत प्रदर्शन ने आयुष को न केवल रिकॉर्ड बुक में जगह दिलाई बल्कि क्रिकेट फैंस और एक्सपर्ट्स का ध्यान भी खींचा।
आयुष म्हात्रे के लिए यह साल बेहद खास रहा है। इस साल की शुरुआत में उन्होंने रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया और अब तक खेले गए 6 मुकाबलों में 441 रन बना चुके हैं। विजय हज़ारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ 78 रनों की शानदार पारी ने उनकी स्किल और ताकत का परिचय दिया।
यशस्वी जायसवाल का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 150+ रन बनाने का रिकॉर्ड यशस्वी जायसवाल के नाम था। यशस्वी ने 2019 में झारखंड के खिलाफ 17 साल 291 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। अब आयुष म्हात्रे ने उनसे यह रिकॉर्ड छीन लिया।
लिस्ट ए क्रिकेट में 150+ रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी
17 वर्ष 168 दिन – आयुष म्हात्रे (मुंबई)
17 वर्ष 291 दिन – यशस्वी जायसवाल (मुंबई)
19 वर्ष 63 दिन – रॉबिन उथप्पा (कर्नाटक)
19 वर्ष 136 दिन – टॉम पर्स्ट (हम्पशायर)